.युवा क्रीड़ा प्रतियोगिता में दौड़ लगाती प्रतिभागी। स्रोत- शिक्षा विभाग
अखंडनगर। श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान में मंगलवार को तीन दिवसीय 76वीं जनपदीय युवा क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज हुआ। जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। जिसमें जिले के 27 विद्यालयों के 585 खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में दमखम दिखा रहे हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। डिस्कस थ्रो के विभिन्न आयु वर्गों में मुकाबले हुए। सीनियर बालक वर्ग में श्री हनुमत इंटर कॉलेज धम्मौर के अमन यादव ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि सीनियर बालिका वर्ग में बीपी इंटर कॉलेज कुड़वार की विनीता यादव विजेता बनीं। जूनियर बालक वर्ग में मेजबान श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान के अर्पित सिंह ने बाजी मारी। बालिका वर्ग में हनुमत इंटर कॉलेज की साक्षी ने स्वर्ण पदक जीता। सब-जूनियर बालक वर्ग में आदर्श राजभर और बालिका वर्ग में प्रियांचल ने प्रथम स्थान हासिल कर मेजबान विद्यालय का मान बढ़ाया।
फर्राटा दौड़ में सौम्या ने जीते दो स्वर्ण
सुल्तानपुर। प्रतियोगिता की फर्राटा दौड़ में स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज सुल्तानपुर की सौम्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उन्होंने 200 मीटर के साथ 100 मीटर दौड़ के सीनियर बालिका वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ के जूनियर बालिका वर्ग में श्री हनुमत इंटर कॉलेज धम्मौर की प्रिंसी विजेता बनीं। सब-जूनियर वर्ग में श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान की अनन्या यादव ने बाजी मारी। वहीं, 100 मीटर दौड़ के जूनियर बालिका वर्ग में श्री चंद्र इंटर कॉलेज गोशाईगंज की अंशिका यादव ने पहला स्थान हासिल किया। सब-जूनियर वर्ग में महेंद्र कुमारी इंटर कॉलेज दियरा की सृष्टि पाल ने सबसे तेज दौड़ लगाकर स्वर्ण पदक जीता। संवाद