‘अमर उजाला’ की ओर से आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा रविवार को जिले के दो निजी स्कूलों में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। दोनों केंद्रों पर कुल 583 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। छात्रवृत्ति परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों में अभूतपूर्व उत्साह दिखा। परीक्षा के दौरान दोनों स्कूलों के शिक्षक व स्टाफ के साथ पुलिस भी मुस्तैद नजर आई।
अमर उजाला के नवोन्मेषक अतुल माहेश्वरी की स्मृति में लगातार दूसरे वर्ष रविवार को छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन हुआ। परीक्षा का आयोजन शहर स्थित कमला नेहरु बाल शिक्षण संस्थान एवं महुअरिया स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल में किया गया। परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं के उत्साह का आलम यह रहा कि वे सुबह आठ बजे से ही केंद्र के बाहर एकत्र होने लगे। दिन चढ़ने के साथ-साथ परीक्षार्थियों की संख्या में वृद्धि होती गई। सुबह साढ़े नौ बजे तक दोनों केंद्रों पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों की भीड़ जुट गई।
दोनों केंद्रों के मुख्य द्वार पर मास्टर सिटिंग प्लान लगा था। रोल नंबर और सिटिंग प्लान देखकर स्टूडेंट्स कतारबद्ध होकर परीक्षा कक्ष में गए। भीड़ ज्यादा होने की वजह से दोनों केंद्रों पर लगे मास्टर सिटिंग प्लान में परीक्षार्थी एवं उनके अभिभावक रोल नंबर एवं परीक्षा कक्ष ढूंढते नजर आए। कॉलेज के शिक्षक उनके सहयोग में लगे रहे। परीक्षा कक्ष में प्रवेश के पूर्व मुख्य द्वार पर परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र और आईडी की जांच की गई। पूरी तैयारी से आएछात्र-छात्राओं ने परीक्षा कक्ष में जाने के पूर्व तक अध्ययन कर समय का सदुपयोग किया।
परीक्षार्थियों के साथ आए अभिभावकों ने कहा कि यह इम्तिहान स्टूडेंट्स के बेहतर कल का पथप्रदर्शक एवं आर्थिक रूप से सहायक सिद्ध होगा। सफल प्रतिभागियों को आगे की शिक्षा अर्जित करना आसान होगा। रविवार को शहर के महुअरिया स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल एवं केएनआईसीई में अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा में 583 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। वजीफे के इम्तिहान में कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थी शामिल हुए।
हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के लिए अलग-अलग श्रेणी बनाई गई थी। दोनों वर्गों में चार-चार सेटों में प्रश्न पत्र छात्र-छात्राओं को दिए गए। परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू हुई। प्रतिभागियों का कहना था कि ‘अमर उजाला’ की ओर से आयोजित परीक्षा में हिस्सा लेने का अपना एक अलग ही अनुभव है। परीक्षा में सफलता मिलने पर उनका कदम आगे की ओर बढ़ेगा।