सुल्तानपुर। जिले में कर्मचारियों समेत 56 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमित मरीज पाए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों की स्थिति के मुताबिक उन्हें आइसोलेट करने के बाद शेष को कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया है।
जिले में शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को जारी रिपोर्ट में जिले में 56 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। नए मरीज मिलने से जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2400 के पार पहुंच गई है।
डीएम सी. इंदुमती के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने रिपोर्ट जारी की है। सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि लखनऊ जांच के लिए भेजे गए 643 सैंपलों में दो लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। विभिन्न पोर्टल पर 13 मरीज अंकित किए गए हैं।
जिले में कराए गए 1568 लोगों के एंटीजन टेस्ट में 35 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जिला अस्पताल में कराई गई ट्रूनेट जांच में पांच में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी संक्रमित पाए गए हैं।
रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कुछ मरीजों को घर पर आइसालेट करते हुए शेष को कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया है। सीएमओ ने बताया कि घर पर आइसोलेट व कोविड केयर सेंटर में भर्ती 18 मरीजों के स्वस्थ होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। शेष मरीजों का इलाज चल रहा है।