सुल्तानपुर। त्रिस्तरीय पंचायत के सात पदों के लिए मंगलवार को हुए उपचुनाव में 55.81 फीसदी मत पड़े। मतदान समाप्त होने के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने मतपेटिकाओं को संबंधित विकास खंडों में जमा करा दिया है। मतों की गणना आठ अगस्त को होगी। शाम को चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न होने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
विभिन्न वजह से खाली चल रहे ग्राम प्रधान के चार, क्षेत्र पंचायत के एक व ग्राम पंचायत सदस्य के दो पदों के लिए मंगलवार को मतदान कराया गया। जिला प्रशासन ने संवदेनशील मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात कर दी थी। उपचुनाव में धनपतगंज के मायंग ग्राम पंचायत को छोड़कर अन्य जगहों पर वोटरों ने मत देने में रुचि दिखाई। शाम पांच बजे मतदान समाप्त होने पर सातों जगहों पर मिलाकर 55.81 फीसदी वोट पड़े।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कमलेश बाजपेयी ने बताया कि ग्राम प्रधान, बीडीसी व ग्राम पंचायत सदस्य के लिए कराए गए मतदान में कुड़वार के ब़ुकुनपुर ग्राम पंचायत में दो प्रत्याशियों के बीच हुए आमने-सामने के मुकाबले में 52.79 पड़े। कूरेभार के सिरवारा में पांच प्रत्याशियों के मुकाबले में 62.50 वोट डाले गए।
धनपतगंज के मायंग में प्रधान पद के दो व बीडीसी पद के दो प्रत्याशियों की लड़ाई में 37.62, बल्दीराय के अरवल प्रधान व बीहनिदूरा में सदस्य पद के लिए 65.48 व जयसिंहपुर के फतेहपुर संगत में ग्राम पंचायत सदस्य के लिए दो उम्मीदवारों के आमने-सामने मुकाबले में 60.7 फीसदी मतदान हुआ। उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव शुक्ल ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण रहा। सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट ने मतदान केंद्रों का जायजा लिया। सात जगहों को मिलाकर 55.81 फीसदी मतदान हुआ है। इसमें सबसे कम मतदान मायंग में हुआ है।