कैमरे की निगरानी में वाहन चेकिंग, घर पहुंचेगा चालान
गौरीगंज। अपराध नियंत्रण के साथ वाहनों की चेकिंग के दौरान रुतबा दिखाने वालों पर अंकुश लगाने के लिए बृहस्पतिवार से वीडियो कैमरे की निगरानी में वाहनों की चेकिंग शुरू हुई। एसपी ने यातायात निरीक्षक को जागरूक बनें, सुरक्षित रहें कार्यक्रम के तहत वाहनों का चालान रजिस्टर्ड डाक से वाहन स्वामी के घर भेजने का आदेश दिया है। वाहनों का चालान घर पहुंचने के बाद वाहन स्वामी ट्रेजरी के माध्यम से जुर्माने का भुगतान कर सकेंगे।
प्रदेश सरकार ने पुलिस कार्यों में राजनीतिक व प्रभावशाली लोगों के दखल को कम करने के लिए वीडियो कैमरे की निगरानी में वाहनों की चेकिंग करने की योजना बनाई है। इसके लिए पुलिस महानिरीक्षक का पत्र मिलने के बाद एसपी कुंतल किशोर ने यातायात निरीक्षक अजय सिंह तोमर को जागरूक बनें, सुरक्षित रहें कार्यक्रम के तहत वाहनों की चेकिंग वीडियो कैमरे की निगरानी करने का आदेश दिया है।
एसपी के आदेश पर बृहस्पतिवार को जिले में सभी थानों के साथ जिला मुख्यालय पर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। चेकिंग के बाद काली फिल्म, बिना हेलमेट, ओवरलोड समेत अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के साथ भागने वाले वाहन स्वामियों के घर रजिस्टर्ड डाक से वाहन का चालान भेजा जाएगा। रजिस्टर्ड डाक से चालान मिलने के बाद वाहन स्वामी ट्रेजरी के माध्यम से भारतीय स्टेट बैंक में जुर्माने की राशि का भुगतान कर सकेंगे।
एएसपी बलरामाचारी दुबे ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को वाहनों की चेकिंग के दौरान दो वीडियो कैमरों की मौजूदगी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। थाना प्रभारियों को आवश्यकतानुसार वीडियो कैमरे मुहैया करवाए जाएंगे। यातायात निरीक्षक अजय सिंह तोमर ने बताया कि चेकिंग प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिले में 52 सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत कराकर उन्हें क्रियाशील बनाया जाएगा।