शोहदों को ने पिता-पुत्र समेत तीन को चाकू मार किया घायल
दो गंभीर, तीन के खिलाफ पीड़ित ने कोतवाली में दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
कादीपुर (सुल्तानपुर)। पुरानी बाजार में बाइक सवार तीन शोहदों ने चाय विक्रेता पर चाकू से हमला कर दिया। पिता को बचाने दौड़े बेटे और भतीजे को भी चाकू मार कर घायल कर दिया। तीनों को सीएचसी पहुंचाया गया जहां से एक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित ने तीन युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के पुरानी बाजार में संतोष कुमार की चाय की दुकान है। दुकान के समीप ही एक कॉलेज है जिसमें छात्राएं पढ़ती हैं। दुकानदार की मानें तो तीन शोहदे कई दिनों से शाम को दुकान पर आकर बैठ जाते थे। कॉलेज की छुट्टी के समय छात्राओं के साथ छेड़छाड़ शुरू कर देते थे। बृहस्पतिवार को संतोष ने दुकान पर बैठे तीनों युवकों को वहां से चले जाने को कहा। ये बात तीनों को नागवार लगी। शोहदों ने संतोष पर चाकू से हमला कर दिया। इस बीच संतोष को बचाने दौड़े बेटे आकाश (17) व भतीजे अर्जुन (18) पुत्र मेवालाल पर भी युवकों ने चाकू से प्रहार कर घायल कर दिया। आसपास के लोगों के दौड़ने पर हमलावर भाग निकले। घायलों को स्थानीय लोगों ने सीएचसी पहुंचाया जहां से आकाश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस बावत कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित संतोष ने एकराम, बबलू और रिजवान के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लेगी।