फेसबुक पर आपत्तिजनक
फोटो पोस्ट करने में केस दर्ज
क्रासर
पांचोपीरन निवासी सोनू अहमद समेत चार के खिलाफ केस दर्ज
भाजपा व हिंदू संगठनों के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। सोशल साइट पर भारत विरोधी और पाकिस्तान समर्थक पोस्ट डालने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि वध प्रतिबंधित पशु को काटकर उसका फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले ने तूल पकड़ लिया। बृहस्पतिवार को भाजपा व हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन करने के बाद हरकत में आई पुलिस ने एक नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के पांचोपीरन निवासी सोनू अहमद पुत्र इंतजार अहमद ने दो दिन पहले वध प्रतिबंधित पशु को काटकर उसका फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इसे देखते ही भाजपा के साथ ही हिंदू संगठनों में उबाल आ गया। बृहस्पतिवार को भाजपा नेता दीपक कुमार जायसवाल, हिंदू युवा वाहिनी के नगर अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, शिव बहादुर, शिवाकांत पांडेय समेत दर्जन भर लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसकी जानकारी होते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई। एसपी रोहन पी कनय ने बताया कि इस मामले में सोनू अहमद समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।