सुल्तानपुर। इलाहाबाद-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग से दुर्गापुर गांव को जोडने के लिए बनाया जा रहा सीसी रोड बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया। बारिश में पुराने क्षतिग्रस्त मार्ग पर जलभराव से 500 की आबादी का राजमार्ग से संपर्क टूट गया है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से संपर्क मार्ग को गांव तक बनवाए जाने की मांग की है।
शहर के पूर्वी-दक्षिणी छोर पर 500 की आबादी का दुर्गापुर गांव स्थित है। वर्ष 2015 के बजट में गांव को इलाहाबाद-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए सीसी रोड बनाने को मंजूरी दी गई थी। लंभुआ विधायक के आवास से होकर सीसी रोड का निर्माण कार्य शुरू हुआ। आधी दूर तक ही सीसी रोड बनी थी कि कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य पर ब्रेक लगा दिया। रोड के बगल स्वीकृत नाला निर्माण भी आधी दूर पर लाकर छोड़ दिया गया है।
पुरानी क्षतिग्रस्त रोड पर जलभराव होने से बारिश में ग्रामीणों का राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचना दुश्वारियों भरा हो गया है। स्थानीय ग्रामीण राम कुमार, महेंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार, श्रवण कुमार, कृष्ण देव मिश्र समेत अन्य ने जिला प्रशासन से अधूरी सीसी रोड को गांव तक बनवाने की मांग की है।