बेसिक शिक्षा अधिकारी ने एमडीएम नहीं बनने के मामले में 47 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के हेडमास्टरों से जवाब तलब किया है। बीएसए ने सभी को नोटिस देकर तीन दिन में जवाब मांगा है। बीएसए ने जवाब से संतुष्ट नहीं होने की स्थिति में विभागीय कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है।
अधिकारियों के कई बार लिखित व मौखिक आदेशों के बावजूद एमडीएम नहीं बनवाना जिले के 47 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के हेडमास्टरों को भारी पड़ गया। बेसिक शिक्षा अधिकारी राजकुमार पंडित ने बीते दिनों अधिकारियों की टीम गठित कर तीन दिन से अधिक समय तक एमडीएम नहीं बनवाने वाले विद्यालयों की रिपोर्ट मांगी थी।
जांच अधिकारियों ने जिले के 47 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में एमडीएम नहीं बनने की रिपोर्ट बीएसए को सौंपी। रिपोर्ट मिलने के बाद बीएसए ने सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को नोटिस देते हुए तीन दिन में कारण सहित जवाब देने का निर्देश दिया है। जारी पत्र में जवाब से संतुष्ट नहीं होने की स्थिति में विभागीय कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया गया है।