निजी नलकूपों को कनेक्शन देने के काम में धांधली
सुल्तानपुर। पावर कॉर्पोरेशन में निजी नलकूपों के कनेक्शन में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। इंजीनियरों एवं कर्मियों ने निजी नलकूपों को कनेक्शन देने के लिए कम का इस्टीमेट बनाकर उन्हें ऊर्जीकृत कर दिया। कम इस्टीमेट बनने से पावर कॉर्पोरेशन को लाखों रुपये का चूना लगा है। प्रकरण सामने आने पर अधीक्षण अभियंता ने जांच कराने की बात कही है।
विद्युत वितरण खंडों में पिछले कई साल से निजी नलकूपों को ऊर्जीकृत करने के लिए बड़ा गोरखधंधा चल रहा है। वितरण के कर्मियों एवं इंजीनियरों की मिलीभगत से कुछ फर्मों ने उपभोक्ताओं से साठगांठ कर ली। फर्मों ने कर्मियों की मिलीभगत से निजी नलकूपों को कनेक्शन देने के लिए इस्टीमेट कम बना डाला।
कम इस्टीमेट को अवर अभियंताओं से मंजूरी दिलाते हुए उसे स्वीकृत भी करा लिया। वाजिब से कम का इस्टीमेट स्वीकृत होने से पावर कॉर्पोरेशन को निजी नलकूपों को कनेक्शन देने में कई लाख रुपये का चूना लगा है।
सूत्रों की मानें तो विद्युत वितरण में निजी नलकूपों का कम इस्टीमेट बनाकर उन्हें कनेक्शन देने का धंधा कई सालों से चल रहा है। गोरखधंधे में जयसिंहपुर, कादीपुर और लंभुआ क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निजी नलकूपों को कनेक्शन दे दिए गए है। प्रकरण प्रकाश में आने पर अधीक्षण अभियंता जांच कराने की बात कह रहे हैं।
करवाई जाएगी जांच
निजी नलकूपों का कम इस्टीमेट बनाकर कनेक्शन देना गड़बड़ी की श्रेणी में आता है। टीम बनाकर इसकी जांच कराई जाएगी। इसमें गड़बड़ी मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।
-असलम हुसैन, अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल