ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित तालाबों में पानी भरवाने का कार्य नलकूप विभाग की ओर से शुरू कर दिया गया है। नलकूप विभाग को जिले के 410 आदर्श तालाबों को भरवाए जाने का निर्देश दिया गया है। महकमे के अधिकारियों को लक्ष्य पूरा करने में लगा दिया गया है।
मनरेगा के तहत ग्रामीणांचल में जल संचयन के उद्देश्य से आदर्श तालाबों की स्थापना कराई गई। 14 विकास खंडों के 986 ग्राम पंचायतों में तकरीबन 4,136 आदर्श तालाबों का निर्माण कराया गया है। इनमें से अधिकांश तालाब सूखे हैं। गिरते भूजल स्तर को रोकने के लिए तालाबों में एक बार फिर पानी भरवाने की कवायद नलकूप विभाग ने शुरू की है। ग्रामीण क्षेत्रों में विभाग की ओर से स्थापित राजकीय नलकूप से पानी भरवाया जाएगा। मौजूदा समय में नलकूप विभाग के 469 ट्यूबवेल संचालित हो रहे हैं। इनमें से 410 नलकूप तालाबों के निकट स्थापित हैं।
संचालित नलकूपों के जरिए ऑपरेटर तालाबों में पानी भरवाएंगे। इसकी रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी। 15 मई से तालाब भरवाने के अभियान की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत लगातार जलाशयों में पानी भरवाने का निर्देश जारी किया गया है। पानी भरवाने के बाद तालाबों की फोटोग्राफी भी करवाई जाएगी। इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। तालाब में पानी भरवाने को लेकर दो सहायक अभियंता व आठ अवर अभियंता को मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि जलाशयों में पानी रहने से भूगर्भ जलस्तर बढ़ेगा। जलाशयों के पास स्थित पेड़ पौधों की सिंचाई भी करवाई जाएगी। नलकूूप विभाग के लक्ष्य के अतिरिक्त जो तालाब शेष बचे हैं। उनमें सिंचाई विभाग की ओर से पानी भरवाया जाएगा।