कुड़वार में नया मतदाता बनाने का फाॅर्म देखते लोग।
- फोटो : कुड़वार में नया मतदाता बनाने का फाॅर्म देखते लोग।
सुल्तानपुर। विधानसभा मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के बाद जारी 3,71,546 नोटिस को सुनवाई के बाद निस्तारित कर दिया गया। अंतिम दिन शुक्रवार को भी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने साक्ष्य का मिलान करते हुए नोटिसों को निस्तारित किया। निस्तारण के बाद निर्वाचन विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन व उपजिला निर्वाचन अधिकारी गौरव शुक्ल ने बताया कि सुनवाई के लिए 107 केंद्र पांचों विधानसभा क्षेत्र को मिलाकर बनाए गए थे। इन केंद्रों पर अधिकारियों को नियुक्त करके नोटिस की सुनवाई कराई गई। समयबद्ध कार्य से निर्धारित तिथि पर नोटिस निस्तारित कर दिए गए। अंतिम दिन कुछ अधिकारियों ने केंद्रों और कुछ अन्य जगहों से नोटिस को निस्तारित किया। अंतिम मतदाता सूची बनाने का कार्य शनिवार से शुरू होगा। इसमें नए मतदाताओं को उनके परिवार के सदस्यों व उनके बूथ से जोड़ा जाएगा। 10 अप्रैल को फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। नया मतदाता बनाने के लिए भी बीएलओ ने युवक व युवतियों से फॉर्म भराया।