घराती-बाराती भिड़े फिर थाने के मंदिर में हुई शादी
अमेठी। द्वारचार के दौरान मामूली विवाद में घराती और बारातियों के बीच शुरू हुई कहासुनी ने तूल पकड़ लिया और दोनों पक्ष भिड़ गए। बात शादी से इंकार तक पहुंच गई। मामला थाने तक पहुंच गया। पुलिस दोनों पक्षों के प्रमुख लोगों को लेकर थाने पहुंची और सुलह-समझौता कराया। पुलिस ने थाने में स्थित मंदिर में ही शादी की रस्म अदा कराई।
पीपरपुर थाना क्षेत्र के बैजूपुर गांव निवासी रामजीत वर्मा की पुत्री सविता की शादी कूरेभार थाना क्षेत्र के सेवरा गांव निवासी मनि करन वर्मा के पुत्र सोनू के साथ तय थी। रविवार को बैजूपुर गांव में रामजीत वर्मा के घर बारात आई थी। द्वारचार के दौरान किसी बात को लेकर घराती और बरातियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद ने तूल पकड़ लिया तो दोनों पक्षों ने शादी से इंकार कर दिया।
इसकी सूचना ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष खुद गांव पहुंच गए और वर व कन्या पक्ष के प्रमुख लोगों को साथ लेकर थाने पहुंचे। थाने में एसओ ने दोनों पक्षों के लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। रात में ही एसओ ने थाने में स्थित मंदिर में सविता और सोनू की शादी संपन्न कराई।