लाभार्थियों को नहीं मिली
अनुदान की धनराशि
क्रासर
पीड़ितों ने डीएम से लगाई गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। स्थानीय तहसील के अहद गांव में लाभार्थियों को स्वीकृति के बाद इंदिरा आवास का निर्माण कराने के बावजूद अनुदान की धनराशि नहीं मिली। ब्लॉक द्वारा अनुदान राशि खाते मेें भेजने तथा खाते में अनुदान राशि नहीं पहुंचने से लाभार्थी परेशान हैं। चार पीड़ितों ने शुक्रवार को डीएम व सीडीओ को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कराते हुए अनुदान राशि दिलाने की मांग की है।
गौरीगंज तहसील के अहद गांव निवासी दुखीलाल, शिवचंद, सीतापति व शिवकुमार को वित्तीय वर्ष 2014-15 में इंदिरा आवास स्वीकृत हुआ था। आवास स्वीकृत होने के बाद चारों ने आवास निर्माण कार्य पूरा करने के बाद ब्लॉक से अनुदान राशि की मांग की। मांग के बाद पहले तो ब्लॉक कर्मी उन्हें चक्कर लगवाते रहे। बाद में अधिकारियों के दवाब में उन्हें छह नवंबर 2014 तथा पांच दिसंबर 2014 को उनके बैंक खाते में 35-35 हजार रुपये भेजने की सूचना दी। सूचना के बाद जब लाभार्थियों ने बैंक जाकर जानकारी हासिल की तो पता चला कि धनराशि उनके खाते में नहीं पहुंची है। जानकारी होने के बाद शुक्रवार को चारों लाभार्थी डीएम व सीडीओ से मिलकर शिकायती पत्र दिया। पत्र में लाभार्थियों ने आवास की अनुदान राशि दिलाने और प्रकरण की जांच करवा गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।