सुल्तानपुर। बेटी का जन्मदिन मनाने गांव गए सिपाही के घर को चोरों ने निशाना बनाया। ताला तोड़कर दाखिल हुए चोर घर से करीब तीन लाख रुपये कीमत के जेवरात, नकदी और अन्य सामान समेट ले गए। मंगलवार को जब सिपाही लौटा तो जानकारी हुई। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया लेकिन चोरों का सुराग नहीं लग सका।
जयसिंहपुर कोतवाली में यूपी 112 की पीआरवी पर तैनात सिपाही नितेश सिंह का नगर क्षेत्र के गोमती विहार में मकान है। अंबेडकरनगर जिले के महरुआ थाना क्षेत्र के मथानी गांव निवासी सिपाही नितेश की बेटी का सोमवार को जन्मदिन था।
बेटी का जन्मदिन मनाने के लिए नितेश ड्यूटी पूरी करने के बाद जयसिंहपुर से ही अपने गांव चला गया। इस बीच मकान को खाली पाकर चोरों ने गेट का ताला तोड़कर एक किलो चांदी, 45 हजार रुपयेे नकद, सोने की दो अंगूठी, चेन, कान की बाली, टीवी समेत अन्य सामान पार कर दिया।
मंगलवार को जब नितेश परिवार के साथ घर पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। नितेश सिंह के अनुसार घर से जेवरात, नकदी और सामान समेत करीब तीन लाख रुपये की चोरी हुई है। पुलिस केस दर्ज कर तफ्तीश कर रही है।