सुल्तानपुर। जिले में चालू वित्तीय वर्ष में 29 नए आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाएंगे। केंद्रों का निर्माण मनरेगा, पंचायतीराज विभाग व बाल विकास विभाग की राशि से संयुक्त रूप से कराया जाएगा। शासन ने निर्माण की मंजूरी देते हुए काम इसी वर्ष पूरा कराने का निर्देश दिया है।
बाल विकास निदेशालय ने 29 आंगनबाड़ी केंद्रों की मंजूरी का पत्र भेजा है। इसके तहत मनरेगा की 7.86 लाख, पंचायतीराज की दो लाख और बाल विकास विभाग की दो लाख धनराशि से प्रत्येक केंद्रों का निर्माण कराया जाएगा। पंचायतीराज विभाग की राशि से प्रसाधन व अन्य कार्य कराया जाएगा, जबकि मनरेगा व बाल विकास की धनराशि से केंद्र बनाया जाएगा।
केंद्रों के निर्माण के लिए शासन ने बाल विकास विभाग को 58 लाख रुपया आवंटित कर दिया है। निर्माण संबंधित ग्राम पंचायतों की ओर से कराया जाएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सभी केंद्र प्राथमिक विद्यालयों के परिसर में बनवाए जाएंगे। प्रस्ताव पर शासन ने दी मंजूरी दी है।
ब्लॉक - आंगनबाड़ी केंद्र
अखंडनगर- 02
जयसिंहपुर- 01
मोतिगरपुर- 06
दोस्तपुर- 02
कादीपुर- 01
दूबेपुर- 01
लंभुआ- 04
बल्दीराय- 04
पीपीकमैचा-03
कूरेभार- 02
धनपतगंंज- 01
भदैंया- 02