सुल्तानपुर। सराफा डकैती कांड के मामले में रायबरेली जेल में निरुद्ध मास्टर माइंड विपिन सिंह समेत नौ डकैतों की न्यायिक हिरासत 29 अक्तूबर तक बढ़ा दी गई है। मंगलवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए जेल से डकैताें की कोर्ट में पेशी होने के बाद सीजेएम ने न्यायिक हिरासत बढ़ाने का आदेश दिया है।
कोतवाली नगर के चौक ठठेरी बाजार में बीते 28 अगस्त को भरतजी सोनी की दुकान में डकैताें ने दिनदहाड़े डकैती डाली थी। दुकान से सोना, चांदी व नकदी लूटकर डकैत फरार हो गए थे। पुलिस की विवेचना में अमेठी जिले के मोहनगंज थाने के भवानीनगर गांव के गैंगस्टर विपिन सिंह को डकैती कांड का मास्टरमाइंड बताया गया है। बाद में पुलिस ने उसे कस्टडी रिमांड पर लेकर डकैती का सोना बरामद किया था जबकि अन्य डकैतों से सोना, चांदी व नकदी बरामद की गई थी।
रायबरेली जेल में निरुद्ध मास्टरमाइंड विपिन सिंह और अमहट स्थित जिला जेल में निरुद्ध विनय शुक्ल, अरविंद यादव, विवेक सिंह, दुर्गेश प्रताप सिंह, सचिन सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, त्रिभुवन कोरी और अजय यादव की मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सीजेएम नवनीत सिंह की कोर्ट में पेशी दर्ज की गई। सीजेएम ने सभी डकैतों की न्यायिक हिरासत 29 अक्तूबर तक बढ़ाने का आदेश दिया है।