सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए पूरे जनपद को पांच जोन में बांटा गया है। सभी उपजिलाधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही 27 अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
यूपी बोर्ड की जिले के 120 केंद्रों पर 24 अप्रैल से परीक्षा शुरू होगी।
परीक्षा की तैयारी के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने कोशिशें तेज कर दी हैं। पूरे जनपद को पांच सेक्टर में विभाजित करते हुए संबंधित उपजिलाधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी दी गई है।
एसडीएम सदर रामजी लाल के अधीन छह सेक्टर मजिस्ट्रेट, बल्दीराय एसडीएम राजेश कुमार सिंह के अधीन तीन सेक्टर मजिस्ट्रेट, कादीपुर एसडीएम महेंद्र कुमार सिंह के अधीन आठ सेक्टर मजिस्ट्रेट, लंभुआ एसडीएम रामअवतार के अधीन पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट, जयसिंहपुर एसडीएम विधेश के अधीन पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट कार्य करेंगे। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को तीन से लेकर पांच केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रत्येक सप्ताह की प्रगति आख्या संबंधित जोनल मजिस्ट्रेट को सौंपेंगे। जोनल मजिस्ट्रेट अपनी आख्या प्रत्येक सप्ताह जिलाधिकारी को उपलब्ध कराएंगे।
ये अधिकारी बने सेक्टर मजिस्ट्रेट
वन विभाग के एसडीओ अतुल कांत शुक्ला, उपायुक्त रोजगार जितेंद्र कुमार मिश्र, तहसीलदार सदर जितेंद्र गौतम, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी अनिल कुमार कुशवाहा, जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह व जिला समाज कल्याण अधिकारी को सदर तहसील के स्कूलों के पर्यवेक्षण के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किया गया है।
सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी सुरेंद्र प्रसाद पांडेय, बल्दीराय तहसीलदार शैलेंद्र कुमार, सहायक अभियंता नलकूप एपी पांडेय को बल्दीराय के विद्यालय आवंटित किए गए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी अभय सिंह, कादीपुर तहसीलदार, गरिमा जायसवाल, अखंडनगर बीडीओ आलोक आर्य, उपायुक्त उद्योग अनूप श्रीवास्तव, सहायक अभियंता सिंचाई लोकेश कुमार राय, भूमि संरक्षण अधिकारी आशीष कुमार, बीडीओ कादीपुर आलोक कुमार सिंह को कादीपुर तहसील क्षेत्र के विद्यालय आवंटित किए गए हैं।
भदैंया बीडीओ राममिलन वर्मा, डीपीआरओ राधाकृष्ण भारती, सहायक अभियंता लघु सिंचाई पीके सिंह, लंभुआ तहसीलदार हरिश्चंद्र, पीपी कमैचा बीडीओ रविशंकर पांडेय को लंभुआ तहसील क्षेत्र के विद्यालय आवंटित किए गए हैं। जिला सेवायोजन अधिकारी संदीप कुमार, क्षेत्रीय वनाधिकारी अमरजीत मिश्रा, जयसिंहपुर तहसीलदार पीयूष श्रीवास्तव व जिला प्रोबेशन अधिकारी अशोक कुमार को जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के विद्यालय आवंटित हैं।
नकलविहीन होगी परीक्षा
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए सारी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की जा रही हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा व डीवीआर लगाया गया है। केंद्रों को जिला मुख्यालय के कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, जहां से परीक्षा केंद्र की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
- वीपी सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक।