मोतिगरपुर। उपकेंद्र दियरा से संचालित पहाड़पुर सराय भीषम फीडर मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक करीब 10 घंटे ठप रहा। लंबे ब्रेकडाउन से पहाड़पुर, सरैया, बबरही, खड़सरा, धरसौली, लखनपुर, नुमाये, करसा, अमिलिया सिकरा, मुइली, सेवतरी आदि गांवों की करीब 25 हजार आबादी बिजली-पानी के लिए परेशान रही।
उमस भरी गर्मी में लोग परेशान रहे। पावर काॅर्पोरेशन ने रात 11 बजे व्हाट्स एप ग्रुप पर ब्रेकडाउन की सूचना साझा कर औपचारिकता पूरी कर दी, लेकिन यह नहीं बताया कि फाॅल्ट कहां हुआ है और आपूर्ति बहाल होने में कितना समय लगेगा। बुधवार सुबह नौ बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई। तब लोगों ने राहत की सांस ली।
सबमर्सिबल नहीं चलने से लोग पानी के लिए भी परेशान रहे। बिजली से संचालित घरेलू उपकरण शोपीस बने रहे। लोगों के मोबाइल डिस्चार्ज हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के मौसम में धूप और उमस ने पिछले 10 दिनों से लोगों को बेहाल कर रखा है। लगातार हो रही कटौती और फीडर ब्रेकडाउन से किसानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धान की फसल की सिंचाई नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, दियरा उपकेंद्र से जुड़े फीडरों पर सालों पुराने जर्जर तार और खस्ताहाल क्रॉस आर्म बड़ी समस्या बने हुए हैं। ग्रामीणों ने डीएम से बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
अवर अभियंता विवेक यादव ने बताया कि मुइली के पास एक ट्रांसफार्मर में फॉल्ट आ गया था। इस वजह से बार-बार लाइन ट्रिप हो जा रही थी। मजबूरी में पूरी आपूर्ति बंद करनी पड़ी। फॉल्ट दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।