सुल्तानपुर। जिले में रविवार को देर रात आई रिपोर्ट में 22 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। 22 नए मरीज मिलने से संक्रमितों की संख्या 3150 हो गई है। अभी तक 50 मरीजों की मौत हो चुकी है। रिपोर्ट मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने अधिकांश मरीजों को घर पर आइसोलेट करते हुए शेष को कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया है।
जिले में कोरोना संक्रमण के प्रसार में कुछ गिरावट आई है। सप्ताह भर से कराई जा रही जांच में संक्रमण की स्थिति पर नियंत्रण होने लगा है। रविवार को देर रात आई रिपोर्ट में भी 22 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। जिलाधिकारी रवीश गुप्ता के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की रिपोर्ट जारी की है।
सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि लखनऊ जांच के लिए भेजे गए 436 सैंपलों में पांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। विभिन्न जगहों से पोर्टल पर 12 कोरोना मरीज अंकित किए गए हैं। जिले में कराए गए 1175 लोगों के एंटीजन टेस्ट में चार लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
ट्रूनेट मशीन की जांच में एक व्यक्ति में संक्रमण मिला है। 22 नए मरीज मिलने से जिले में संक्रमितों की संख्या 3150 हो गई है। अभी तक संक्रमण की चपेट में आने से 50 की मौत हो चुकी है। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अधिकांश मरीजों को घर पर आइसोलेट करते हुए शेष को कोविड केयर सेंटर व अस्पताल में भर्ती करा दिया है। सीएमओ ने बताया कि घर पर आइसोलेट व कोविड केयर सेंटर में भर्ती 23 मरीजों के स्वस्थ होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।
कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए सोमवार को जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने केएनआईटी कोविड केयर सेंटर के गेस्ट हाउस में समीक्षा की। समीक्षा में सीएमओ से स्थिति की जानकारी ली। डीएम टेस्टिंग बढ़ाने के साथ मरीजों का विशेष ख्याल रखने का निर्देश दिया। इस मौके पर एडीएम वित्त उमाकांत त्रिपाठी, सीआरओ शमशाद हुसैन, सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी मौजूद रहे।