कुड़वार (सुल्तानपुर)। बहलोलपुर गांव में शिव मंदिर से सोमवार की भोर में शरारती तत्वों ने शिवलिंग गायब कर दिया। घटना से तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ ही सीओ भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस कर्मियों ने शिवलिंग बरामद कर उसे पुन: मंदिर में स्थापित कराया। पुलिस ने मंदिर के पुजारी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कुड़वार थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव में शिव मंदिर के साथ ही दुर्गा मंदिर है। सोमवार की भोर में शरारती तत्वों ने मंदिर से शिवलिंग गायब कर दिया। जब सुबह पुजारी राजमणि शुक्ला मंदिर पहुंचे तो शिवलिंग नहीं दिखा। देखते ही देखते ये बात पूरे गांव में फैल गई। लोग मौके पर एकत्र हो गए।
गांव में तनाव की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीओ सिटी श्याम देव पुलिस के साथ गांव पहुंच गए। पुलिस कर्मियों ने शिवलिंग को ढूंढना शुरू किया तो गांव के बाहर शिवलिंग मिल गया। शिवलिंग को पुन: मंदिर में स्थापित कराया गया। सीओ सिटी ने बताया कि पुजारी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की तफ्तीश की जा रही है।