वरुण गांधी आज करेंगे पासपोर्ट कार्यालय की शुरुआत
सुल्तानपुर। डाकघर में पासपोर्ट कार्यालय का संचालन बुधवार से शुरू हो जाएगा। इसका संचालन शुरू होने से जिले वासियों को पासपोर्ट बनवाने में सुविधा होगी। सांसद वरुण गांधी बुधवार को पासपोर्ट कार्यालय का शुभारंभ करेंगे।
सुल्तानपुर सांसद वरुण गांधी बुधवार को दिल्ली से अपने चार्टर्ड प्लेन से 12 बजे अमहट हवाई पट्टी पर पहुंचेंगे। 12.15 बजे सांसद प्रधान डाकघर में पासपोर्ट कार्यालय का लोकार्पण करेंगे। पासपोर्ट कार्यालय के संचालन की सारी औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। पासपोर्ट कार्यालय के उद्घाटन के बाद सांसद वरुण गांधी कलेक्ट्रेट के सभागार कक्ष में बार एसोसिएशन के होली मिलन समारोह में शामिल होंगे। दोपहर बाद 1.45 बजे वरुण गांधी जयसिंहपुर क्षेत्र के माधवपुर गांव में आयोजित स्वागत समारोह में हिस्सा लेंगे।
इसके बाद क्षेत्र के ही गुरेगांव-लाल साहब का पुरवा व कैलाशी देवी जूनियर हाईस्कूल बेलहरी के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। भाजपा के मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि सांसद वरुण गांधी 3.45 बजे पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सीताशरण त्रिपाठी के शहर स्थित विनोबापुरी आवास पर जाएंगे। वहां से चार बजे अमहट हवाई पट्टी से चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली रवाना हो जाएंगे।