तीन किस्तों में बैंक खाते
से उड़ाए 22 लाख रुपये
क्रासर
कोतवाली क्षेत्र के गांव तिवारीपुर का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
अमेठी। साइबर ठगों ने आईसीआईसीआई बैंक खाता धारक के खाते सेेे 22 लाख रुपये तीन किस्तों में उड़ा दिए। पीड़ित को बैंक कर्मियों के माध्यम से पैसा निकाले जाने की सूचना मिली तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़ित ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव तिवारीपुर निवासी सुरेश कुमार का खाता शहर स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा में है। सुरेश ने अपनी कुछ भूमि बेच कर अपने खाते में 22 लाख रुपये जमा किए थे। पीड़ित ने शुक्रवार को कोतवाली प्रभारी भरत उपाध्याय को तहरीर देकर बताया कि बैंक कर्मियों के माध्यम से उसे सूचना मिली कि उसके खाते से 22 लाख रुपये निकाल लिए गए हैं। शुक्रवार सुबह पीड़ित बैंक पहुंचा तो बैंक कर्मियों ने बताया कि 26 सितंबर 2017 को उसके खाते से ऑनलाइन नेट बैंकिंग के माध्यम से 10 लाख रुपये, 27 सितंबर को दोबारा 10 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। उसके बाद चार अक्तूबर को दो लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। पीड़ित का कहना कि इस बीच उसने अपने खाते से एक भी रुपये का लेनदेन नहीं किया है। पीड़ित ने कोतवाली प्रभारी से केस दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी भरत उपाध्याय ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है।