सड़क दुर्घटनाओं में बच्ची समेत तीन घायल
सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर
लंभुआ/ चांदा (सुल्तानपुर)। अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक बच्ची समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पहली दुर्घटना लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के बरुआ दक्षिणी गांव से जुड़ी है। गांव निवासी बब्लू की छह वर्षीय पुत्री शिवांकी बृहस्पतिवार की देर शाम हैंडपंप से पानी भर रही थी। तभी एक ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दिया। शिवांकी को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दूसरी दुर्घटना चांदा कोतवाली क्षेत्र के कोथरा गांव से जुड़ी है। कोथरा गांव निवासी अनिल (23) व राजन (20) पुत्रगण फिरतू राम शुक्रवार की दोपहर बाइक से शहर की ओर जा रहे थे। दोनों लंभुआ ब्लॉक के सामने पहुंचे थे कि तेज रफ्तार बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दुर्घटना में घायल दोनों भाइयों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में अनिल की हालत नाजुक बताई जा रही है।