सुल्तानपुर। दीवानी न्यायालय में शनिवार को बैंकों की ऋण वसूली से संबंधित 2111 वादों का 11,95,34,260 रुपये में समझौता हुआ है। मजिस्ट्रेटों ने दोनों पक्ष के बीच सुलह कराते हुए मामलों का निस्तारण कराया है। लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के 44,201 वादों का निस्तारण समझौते के आधार पर कराया गया है।
राष्ट्रीय व प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेश पर शनिवार को दीवानी न्यायालय में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला जज जयप्रकाश पांडेय ने इसका शुभारंभ करते हुए मामलों की सुनवाई की। परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश मोहम्मद अशरफ अन्सारी, अपर न्यायाधीश, अंकिता शुक्ला, मधु गुप्ता व नीलिमा सिंह ने 141 वैवाहिक वादों और वैवाहिक संबंधी प्रीलिटिगेशन के 11 वादों का सुलह समझौता से निस्तारित किया।
लोक अदालत में मोटर दुर्घटना के 54, बैंक ऋण वसूली के 2111 वादों में समझौता कराया है। इसके साथ ही विभिन्न अदालतों की ओर से अलग-अलग प्रकार के वादों का निस्तारण सुलह-समझौते से कराया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बटेश्वर कुमार, सिविल जज योगेश कुमार यादव, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सिद्दिकी सैयमा र्जरार आलम समेत अन्य ने वादों का निस्तारण किया। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना व उनके अधीन राजस्व अदालतों की ओर से 19,196 और अमेठी डीएम व उनके अधीन राजस्व अदालतों में 14,794 वादों का निस्तारण कराया।