अमहट। पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस) में वरिष्ठता के आधार पर 22 जून से शुरू प्रोन्नत उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस का प्रशिक्षण शुक्रवार को समाप्त हो गया। प्रशिक्षण में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कुल 211 प्रोन्नत उपनिरीक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के बाद अंतिम परीक्षा में 210 प्रशिक्षु सफल हुए, जबकि एक प्रशिक्षु उत्तीर्ण नहीं हो सका।
अंतः कक्ष विषय की परीक्षा में फतेहपुर के रविशंकर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बाह्य विषय की परीक्षा में गोरखपुर के जितेंद्र यादव ने पहला स्थान हासिल किया। सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षु के रूप में फतेहपुर के रंजीत सिंह यादव प्रथम, फतेहपुर के मोहम्मद शमीम द्वितीय व बाराबंकी के राजाशंकर मिश्र तृतीय स्थान पर रहे। पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय के संस्था प्रमुख व पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार मिश्र के निर्देशन में प्रशिक्षुओं को पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं, अनुशासन, कर्तव्यपरायणता तथा व्यावसायिक दक्षता का प्रशिक्षण दिया गया।