सुल्तानपुर। जिले में बुधवार को 21 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। संक्रमण की चपेट में आने से अभी तक 65 लोगों की मौत हो चुकी है। रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कुछ मरीजों को घर पर आइसोलेट कराते हुए शेष को कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया है।
जिलाधिकारी रवीश गुप्ता के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को रिपोर्ट जारी की है। सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि दो नंवबर को लखनऊ लैब से आई जांच रिपोर्ट में 1437 की रिपोर्ट निगेटिव व 14 में कोरोना संक्रमण पाया गया है। पोर्टल पर विभिन्न जगहों से दो मरीज अंकित किए गए हैं। जिले में कराए गए 905 एंटीजन टेस्ट में पांच कोरोना संक्रमित मिले हैं ।
21 नए मरीज मिलने से संक्रमितों की संख्या साढ़े चार हजार पहुंच गई है। संक्रमण की चपेट में आने से अभी तक 65 लोगों की मौत हो चुकी है। रिपोर्ट मिलने के बाद कुछ मरीजों को घर पर आइसोलेट करते हुए अन्य को कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया गया है।
सीएमओ ने बताया कि घर पर आइसोलेट व कोविड केयर सेंटर में भर्ती 30 मरीजों के स्वस्थ होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण को लेकर जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने जिला अस्पताल में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को संक्रमण पर नियंत्रण के लिए अधिक जांच कराने का निर्देश दिया।