अमेठी। जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई। प्रवेश परीक्षा में नामांकित कुल 955 परीक्षार्थियों में से 204ने प्रवेश परीक्षा से किनारा कर लिया।
जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह की प्रवेश परीक्षा के लिए जिले के तीन तहसीलों में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन परीक्षा केंद्रों पर कुल 955 परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होना था।
नवोदय विद्यालय के प्राचार्य ने सुबह दस बजे एसबीआई के लॉकर से पेपर निकाल कर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचाया। बच्चों को दिक्कत नहीं हो इसके लिए केंद्र प्रभारियों की ओर से समुचित व्यवस्थाएं पूर्व से ही की थीं।
परीक्षा केंद्र शिवप्रताप इंटर कॉलेज अमेठी में 298 परीक्षार्थी में 68, जीजीआईसी गौरीगंज में 286 परीक्षार्थियों में 45 तथा एएच इंटर कॉलेज मुसाफिरखाना में 371 परीक्षार्थी में 91 कुल 204 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
परीक्षा सुबह 11.30 बजे से शुरू होकर दोपहर 1.30 बजे संपन्न हुई। इस दौरान डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा, बीईओ गौरीगंज शिव प्रसाद मौर्या ने सभी केंद्रों का औचक निरीक्षण करते रहे। सुरक्षा की दृष्टि से सभी केंद्रों पर पुलिस मौजूद रही।