सुल्तानपुर। गन्ना सर्वे में धांधली करने और विभागीय नियमों व निर्देशों का उल्लंघन करने के आरोप में गन्ना पर्यवेक्षक को प्रदेश के गन्ना एवं चीनी आयुक्त संजय आर. भूसरेड्डी ने सस्पेंड कर दिया है। आरोपी गन्ना पर्यवेक्षक को जिला गन्ना अधिकारी बागपत से संबद्घ किया गया है। मामले की जांच जिला गन्ना अधिकारी (डीसीओ) अयोघ्या को सौंपी गई है।
गन्ना पर्यवेक्षक अवधेश कुमार सिंह पर गन्ना बोआई का सर्वे करने में धांधली करने का आरोप है। आरोप है कि गन्ना पर्यवेक्षक ने ऐसे किसानों के नाम गन्ना रकबा दर्ज कर दिया है, जिनके पास गन्ना उपलब्ध ही नहीं है।
कई किसानों के पास उपलब्ध रकबे से अधिक रकबा दर्ज कर दिया गया है। इसके अलावा गन्ना पर्यवेक्षक पर सर्वेक्षण कार्यों में गंभीर अनियमितता बरतने, विभागीय निर्देशों एवं नियमों का उल्लंघन के साथ चहेते किसानों को अनुचित लाभ पहुंचाने और विभागीय छवि को धूमिल करने का आरोप है।
इन्हीं आरोपों में प्रदेश के गन्ना एवं चीनी आयुक्त संजय आर. भूसरेड्डी ने गन्ना पर्यवेक्षक अवधेश कुमार सिंह को सस्पेंड कर दिया है। निलंबित किए गए गन्ना पर्यवेक्षक को जिला गन्ना अधिकारी बागपत के कार्यालय से संबद्घ किया गया है।
मामले की जांच अयोध्या के जिला गन्ना अधिकारी को सौंपी गई है। जांच अधिकारी से तीन माह में रिपोर्ट तलब की गई है। इस बारे में जिला गन्ना अधिकारी अशर्फीलाल ने बताया कि गन्ना पर्यवेक्षक को निलंबित करने का आदेश प्राप्त हो गया है।