सुल्तानपुर। गनपत सहाय पीजी कॉलेज में अध्ययनरत 84 स्टूडेेंट्स को प्रॉविजनल एडमिट कार्ड जारी होगा। उच्च न्यायालय ने अवध विश्वविद्यालय को छात्र-छात्राओं का प्रॉविजनल एडमिट कार्ड जारी करने का निर्देश दिया है। साथ ही यह भी कहा है कि जिन बच्चों की परीक्षाएं छूट गई हैं उनकी परीक्षा करवाकर ही पूर्ण रिजल्ट घोषित किया जाय।
गनपत सहाय पीजी कॉलेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मी जितेंद्र शुक्ल ने छात्र-छात्राओं को फर्जी रसीद थमा कर शुल्क वसूली की गई थी। कॉलेज में शुल्क जमा नहीं होने की वजह से स्टूडेंट्स के फॉर्म यूनिवर्सिटी को फारवर्ड नहीं किए जा सके। इसकी वजह से अवध विश्वविद्यालय से स्टूटेंट्स का एडमिट कार्ड जारी नहीं किया गया।
इस मामले में एक पीड़ित विद्यार्थी की ओर से मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। कॉलेज ने आरोपी चतुर्थ श्रेणी कर्मी को निलंबित कर दिया है। एडमिट कार्ड नहीं पाने वाले विद्यार्थियों ने हाईकोर्ट में अपील की थी।
उच्च न्यायालय ने विद्यार्थियों की याचिका पर निर्देश दिया है कि बच्चों को प्रॉविजनल एडमिट कार्ड जारी किए जाय। साथ ही जिन बच्चों की परीक्षाएं छूटी हैं। उसे फिर से करवाने के बाद ही रिजल्ट घोषित किया जाय।
गनपत सहाय पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि उच्च न्यायालय ने मंगलवार को 77 व बुधवार को सात बच्चों के प्रॉविजनल एडमिट कार्ड जारी करने का निर्देश विश्वविद्यालय को दिया है। जिन बच्चों के एडमिट कार्ड जारी होंगे, उनका परीक्षा शुल्क महाविद्यालय की ओर से जमा कराया जाएगा।