कोटे की दुकानों का
होगा भौतिक सत्यापन
क्रासर
गठित टीम रोजाना देगी रिपोर्ट, गड़बड़ी पर नपेंगे कोटेदार
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए शासन ने कोटे की सभी दुकानों का भौतिक सत्यापन कराने की योजना बनाई है। कवायद सफल हो सके इसके लिए जिला प्रशासन ने न सिर्फ जांच टीम गठित की है बल्कि निर्धारित प्रारूप पर स्टॉक व वितरण के साथ ही उपभोक्ताओं से जानकारी एकत्र करने का आदेश दिया है। टीम को प्रतिदिन रिपोर्ट देने तथा वितरण में गड़बड़ी मिलने पर कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई कराने को कहा गया है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन व अंत्योदय कार्डधारकों को सरकारी दर पर राशन मुहैया करवाने के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली योजनांतर्गत संचालित जिले की सभी 604 दुकानों का अब भौतिक सत्यापन होगा। कवायद सफल हो सके इसके लिए मुख्य सचिव खाद्य एवं रसद ने डीएम योगेश कुमार को पत्र भेजकर निर्धारित प्रारूप पर सभी कोटे की दुकानों का औचक निरीक्षण करवाने का निर्देश दिया है। सचिव का पत्र मिलने के बाद डीएम ने जिला व तहसील स्तरीय अधिकारियों की टीम गठित करते हुए उन्हें प्रतिदिन अपने-अपने क्षेत्र की कम से कम दो दुकानों का स्थलीय व भौतिक सत्यापन कर प्रतिदिन रिपोर्ट देने का आदेश दिया है। डीएम ने सत्यापन के दौरान दुकान में मौजूद स्टॉक, माह में वितरण की स्थिति, पर्यवेक्षण अधिकारी की मौजूदगी के साथ ही उपभोक्ताओं से संपर्क कर वितरित मात्रा व रेट की भी जांच करने का आदेश दिया है। जारी आदेश में प्रतिदिन जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं होने की स्थिति में टीम के खिलाफ व वितरण में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया गया है।