जिले के हलियापुर-बेलवाई संपर्क मार्ग का उच्चीकरण किया जाना है। इसके तहत सड़क की दशा में सुधार व विस्तार का कार्य किया जाएगा। जल निगम की ओर से इस प्रोजेक्ट के तहत रोड के दायरे में आने वाले करीब 200 हैंडपंपों को चिह्नित किया गया है।
इनका स्थान परिवर्तन कराया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से 15 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों के संपर्क मार्गों की दशा में सुधार का कार्य चल रहा है। इस कड़ी में जिले के हलियापुर से लेकर अखंडनगर के बेलवाई तक निर्मित मार्ग के उच्चीकरण का कार्य किया जाना है।
प्रोजेक्ट की शुरूआत के पूर्व लोक निर्माण विभाग की ओर से जल निगम को सूचना प्रेषित की गई थी, जिसमें मार्ग के निकट स्थित हैंडपंपों को हटाए जाने का जिक्र किया गया था। स्थानीय लोगों की पेयजल की समस्या को देखते हुए जल निगम की ओर से हलियापुर से बेलवाई गांव का सर्वे कराया गया।
सर्वे के मुताबिक करीब 105 किलोमीटर के दायरे में पडने वाले विभिन्न ब्लॉकों के अंतर्गत 200 हैंडपंपों को चिह्नित किया गया है। सड़क के उच्चीकरण के चलते विभिन्न स्थानों पर 60 मीटर की परिधि में आने वाले हैंडपंपों को हटवाया जाएगा।
पुराने हैंडपंपों को निकालने के बाद उन्हें निकट स्थान पर नए सिरे से स्थापित कराने की योजना विभाग की ओर से तैयार की गई है। विभागीय स्तर पर 200 हैंडपंपों की पुनर्स्थापना के लिए 15 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।