कुंभ एक्सप्रेस की चपेट में आने से राजमिस्त्री की मौत
सुल्तानपुर। लंभुआ रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को कुंभ डाउन एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। क्षेत्र के गरये गांव का संतोष (35) राजमिस्त्री का काम करता था। शुक्रवार सुबह संतोष घर से साइकिल से निकला था। रेलवे स्टेशन पर अपनी साइकिल खड़ी की थी। इसके बाद वह हरिद्वार-हावड़ा कुंभ सुपरफास्ट डाउन एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रेलवे कर्मचारियों ने ट्रैक पर शव देखा तो स्टेशन मास्टर को सूचना दी। स्टेशन मास्टर रणविजय ने बताया कि राजमिस्त्री का मोबाइल फोन व डायरी ट्रैक के बीच में मिली। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। संतोष की मौत की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। संतोष के तीन बच्चों व पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।