संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत
क्रासर
पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
चांदा (सुल्तानपुर)। कसईपुर गांव की एक महिला को शुक्रवार की सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत की सूचना के बाद पहुंचे पिता ने पति समेत तीन लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
प्रतापगढ़ जिले के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के उदईपुर गांव निवासी ताहीलाल की पुत्री मिथिलेश (25) की शादी एक वर्ष पूर्व चांदा कोतवाली क्षेत्र के कसईपुर गांव निवासी महेंद्र गौतम के साथ हुई थी। शुक्रवार की सुबह मिथिलेश की तबीयत बिगड़ने पर परिवारीजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की जानकारी होने पर ससुराल पहुंचे ताहीलाल ने पति समेत तीन लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।