धुंध व कोहरे की वजह बताते हुए ट्रेनों केे बंद कर दिए जाने से रेल यात्रियों के लिए परेशानी खड़ी हो गई है। रोजाना फेरा लगाने वाली वरुणा एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में एक दिन निरस्त किए जाने से शनिवार को करीब दो हजार यात्रियों के सामने दिक्कत खड़ी हो गई है। इसकी वजह से रोडवेज पर दबाव बढ़ने की उम्मीद है।
55 दिनों तक सुल्तानपुर रूट से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों का संचालन निरस्त किया गया है। आठ जनवरी से तीन मार्च की निर्धारित अवधि के भीतर 19 ट्रेनों को कैंसिल किया गया है। इसमें साप्ताहिक और रोजाना गुजरने वाली ट्रेनों का संचालन बंद किया गया है, जिससे यात्रियों को आवागमन में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।
शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक की ओर से सुल्तानपुर रूट से होकर गुजरने वाली 19 ट्रेनों के संचालन कैंसिल किए गए हैं। आठ जनवरी से तीन मार्च तक ट्रेनों का संचालन बंद किया गया है। इसके अंतर्गत श्रमजीवी अप एक्सप्रेस आठ जनवरी से 29 फरवरी के बीच सोमवार और बृहस्पतिवार को कैंसिल रहेगी। इसके अलावा श्रमजीवी डाउन एक्सप्रेस नौ जनवरी से एक मार्च के बीच पड़ने वाले मंगलवार और शुक्रवार को कैंसिल रहेगी।
इसके अलावा दिल्ली सियालदाह अप और डाउन एक्सप्रेस को भी कैंसिल किया गया है। कोटा पटना एक्सप्रेस का संचालन आठ जनवरी से 28 फरवरी तक निरस्त किया गया है। गुरुवार और रविवार को सुल्तानपुर से होकर गुजरने वाली देहरादून हावड़ा उपासना एक्सप्रेस का भी संचालन 10 जनवरी से लेकर दो मार्च तक कैंसिल किया गया है।
अमृतसर हावड़ा एक्सप्रेस अप और डाउन एक्सप्रेस के संचालन को 10 जनवरी से तीन मार्च तक निरस्त किया गया है। सोमवार, बुधवार व शनिवार को जाने वाली मरुधर एक्सप्रेस का संचालन भी 29 फरवरी तक निरस्त किया गया है। सुल्तानपुर रूट से जाने वाली कुंभ एक्सप्रेस का संचालन एक मार्च तक निरस्त किया गया है।
डेली ट्रेनों का संचालन भी ठप
सुल्तानपुर। सप्ताह में एक-दो बार गुजरने वाली ट्रेनों के अलावा दैनिक चलने वाली वरुणा व सरयू एक्सप्रेस का भी संचालन कुछ दिनों के लिए ठप रहेगा। आठ जनवरी से 29 फरवरी तक वरुणा एक्सप्रेस के संचालन में बदलाव किया गया है। शनिवार को वरुणा एक्सप्रेस कैंसिल रही। स्टेशन अधीक्षक एलएल मीना के मुताबिक आठ जनवरी से 29 फरवरी तक प्रत्येक शनिवार को वरुणा एक्सप्रेस का संचालन नहीं होगा। सरयू एक्सप्रेस के संचालन को भी निरस्त किया गया है।