19 क्रय केंद्र प्रभारियों को चेतावनी
गौरीगंज। क्रय केंद्रों पर लक्ष्य के अनुरूप दैनिक खरीद संतोषजनक नहीं होना 19 केंद्र प्रभारियों को भारी पड़ गया। समीक्षा के दौरान मामला प्रकाश में आने पर डीएम ने सभी को नोटिस जारी करते हुए लक्ष्य के अनुरूप खरीद व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया है।
शासन द्वारा गेहूं खरीद के लिए निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए दैनिक खरीद में लापरवाही बरतना पीसीएफ के 19 क्रय केंद्र प्रभारियों को भारी पड़ गया। लक्ष्य के अनुरूप खरीद नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद डीएम डॉ राम मनोहर मिश्र ने केंद्रवार दैनिक खरीद की समीक्षा की तो लक्ष्य के अनुरूप खरीद नहीं होने का मामला प्रकाश में आया।
लक्ष्य के अनुरूप दैनिक खरीद नहीं होने से नाराज डीएम ने डिप्टी आरएमओ भीमाचंद गौतम को सभी 19 केंद्र प्रभारियों को चेतावनी पत्र जारी करने का आदेश देते हुए सात दिन में समुचित जवाब प्राप्त कर अवगत कराने का आदेश दिया है।
पत्र में जवाब संतोषजनक नहीं होने तथा दैनिक खरीद लक्ष्य के अनुरूप नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है। डीएम का आदेश सार्वजनिक होने के बाद क्रय केंद्रों पर हड़कंप मचा है।