155 जोड़ों की आज होगी शादी
सुल्तानपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को प्रशासन 155 जोड़ों की शादी करवाएगा। छह जगहों पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
जिला पंचायत में शनिवार को सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस दौरान सामूहिक विवाह प्रशासन करवाएगा। जिलाधिकारी संगीता सिंह समेत अन्य अधिकारी सुबह से आयोजित कार्यक्रम में बारात की अगवानी करेंगे। सामूहिक विवाह भी अधिकारी ही संपन्न करवाएंगे। लंभुआ में एडीएम वित्त एवं राजस्व अमरनाथ राय बारात की अगवानी करेंगे। कादीपुर में अगवानी एवं कार्यक्रम संपन्न कराने के लिए एडीएम प्रशासन बीडी सिंह को लगाया गया है।
विवाह में कन्या को उपहार देते हुए उन्हें दहेज के रूप में धनराशि भी दी जाएगी। यह धनराशि कन्या के खाते में भेजी जाएगी। प्रत्येक शादी पर करीब 35 हजार रुपये का खर्च आएगा। कार्यक्रम को देखते हुए शुक्रवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। एसडीएम ने बताया कि सदर तहसील का कार्यक्रम जिला पंचायत में रखा गया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी तैयारियों में लगे रहे।