सीएचसी प्रभारी को
एएनएम के पति ने पीटा
क्रासर
एएनएम के ड्यूटी से गायब रहने पर चिकित्सक ने दी थी नोटिस
चिकित्सक की तहरीर पर केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बाजार शुकुल (अमेठी)। पल्स पोलियो की ड्यूटी से नदारद एएनएम को नोटिस देने से नाराज पति ने अपने दोस्त के साथ मिलकर बृहस्पतिवार की शाम सीएचसी प्रभारी की पिटाई कर दी। पुलिस ने पीड़ित चिकित्सक की तहरीर पर पति समेत दो के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द बिश दे रही है।
डॉ. शैलेश गुप्ता बाजार शुकुल थाना क्षेत्र में स्थित सीएचसी के प्रभारी हैं। पल्स पोलियो अभियान के दौरान एएनएम कमलावती ड्यूटी से गायब चल रही थी। बृहस्पतिवार को सीएचसी प्रभारी डॉ. शैलेश गुप्ता ने एएनएम को नोटिस जारी करते हुए स्वीपर को उसे रिसीव कराने के लिए उनके घर भेज दिया। घर पर एएनएम नहीं थी जबकि उनका पति नगीना राम मौजूद था। नोटिस देखते ही नगीना राम का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया। स्वीपर को नगीना राम ने डांटकर भगा दिया और नोटिस नहीं रिसीव की। शाम करीब पांच बजे नगीना राम अपने दोस्त के साथ सीएचसी पर पहुंच गया। सीएचसी पर मौजूद डॉ. शैलेंद्र गुप्ता को गाली देते हुए दोनों ने पीटना शुरू कर दिया। सीएचसी प्रभारी चीखते रहे, लेकिन उन्हें कोई बचाने तक नहीं पहुंचा। आरोपी सीएचसी प्रभारी को जान से मार डालने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पिटाई से आहत सीएचसी प्रभारी डॉ. शैलेंद्र गुप्ता थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने एएनएम के पति नगीना राम और उसके दोस्त के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इस बाबत एसओ रेखा सिंह ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
कई वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात एएनएम
बाजार शुकुल। सीएचसी पर एएनएम कमलावती पिछले कई वर्षों से तैनात है। एएनएम कभी-कभार ही सीएचसी आती है। स्थानीय लोगों से लेकर पूर्व में भी सीएचसी प्रभारी रहे चिकित्सकों ने एएनएम की शिकायत उच्चाधिकारियों से की, लेकिन आज तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।