सुल्तानपुर। जिले में करीब 178 ईंट भट्ठे बिना पंजीकरण/नवीनीकरण के संचालित किए जा रहे हैं। जिला पंचायत ने नवीनीकरण न कराने पर ईंट भट्ठा संचालकों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।जिला पंचायत के रिकॉर्ड के मुताबिक जिले में करीब 240 ईंट भट्ठों का संचालन हो रहा है। संचालन के पहले ईंट भट्ठों को जिला पंचायत में नवीनीकरण व पंजीकरण कराना होता है। अधिकारियों के मुताबिक इसके बाद ही संचालक भट्ठों की फुंकाई कर सकते हैं।
चालू वर्ष में जिले में संचालित 178 ईंट भट्ठा संचालकों ने जिला पंचायत में अभी तक पंजीकरण/नवीनीकरण नहीं कराया है। बिना नवीनीकरण के ही ईंट भट्ठों पर ईंट पकाने के लिए फुंकाई करते हुए संचालन शुरू कर दिया गया है। अभी तक जिले के सिर्फ 62 संचालकों ने ही नवीनीकरण कराया है।
जानकारी मिलने पर जिला पंचायत ने संचालकों पर शिकंजा कस दिया है। अपर मुख्य अधिकारी हरिओम नारायण चंद ने पत्र जारी करते हुए ईंट भट्ठा संचालकों को जिला पंचायत से पंजीकरण व नवीनीकरण कराने का निर्देश दिया है। बताया कि नए भट्ठों को पंजीकरण व पूर्व से संचालित भट्ठों को फुंकाई के पहले नवीनीकरण कराना पड़ता है। जांच में नवीनीकरण व पंजीकरण न मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।
जून में कराई जाएगी जांच
16 मई को इस संबंध में पत्र जारी किया गया है। नवीनीकरण न कराने पर जून में जांच कराई जाएगी।
-दिनेश सिंह, प्रशासनिक अधिकारी, जिला पंचायत