जिले के 41 चिकित्सा
अधीक्षक से जवाब-तलब
क्रासर
जुलाई का वेतन बिल नहीं बनने पर नोटिस जारी
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। बॉयोमैट्रिक उपस्थिति शीट के आधार पर स्वास्थ्य कर्मियों के जुलाई माह के वेतन के साथ वार्षिक वेतन वृद्धि का बिल तैयार करने में हीलाहवाली बरतना जिले के 41 चिकित्सा अधीक्षकों को भारी पड़ गया। आदेश की अवहेलना से नाराज सीएमओ ने सभी अधीक्षकों को अपने वेतन लिपिकों को शुक्रवार को कार्यालय भेजने के साथ तीन दिन में जवाब मांगा है। जारी पत्र में दोबारा आदेश की अवहेलना होने पर सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ ही प्रतिकूल प्रविष्टि का अल्टीमेटम दिया गया है।
शासन के निर्देश पर सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव ने बीते दिनों महकमे के सभी वेतन भोगियों को जुलाई माह का वेतन बॉयोमैट्रिक उपस्थिति शीट के आधार पर वेतन देने का निर्देश दिया था। इस संबंध में अस्पताल अधीक्षकों को पत्र भेजकर 22 जुलाई को अस्पताल के वेतन लिपिक के साथ कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया था। आदेश के बावजूद दो अगस्त तक जिले के किसी भी अस्पताल के वेतन लिपिक कार्यालय नहीं आए। आदेश की अवहेलना से नाराज सीएमओ ने सभी सीएचसी व पीएचसी अधीक्षकों को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब देने का निर्देश दिया है। नोटिस में अस्पताल के वेतन लिपिक को प्रत्येक दशा में शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय भेजने को कहा गया है।