बेटे से विवाद के बाद आग लगा की खुदकुशी
अमर उजाला ब्यूरो
कुड़वार (सुल्तानपुर)। दो दिन पूर्व बेटे से हुए विवाद में खुद पर केरोसिन छिड़क कर आग लगाने वाले प्रौढ़ की ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में उपचार के दौरान बुधवार को मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला स्थानीय थाना क्षेत्र के नौगवां रायतासी गांव से जुड़ा है।
कुड़वार थाना क्षेत्र के नौगवां रायतासी गांव निवासी खदेरू (54) का पिछले मंगलवार को अपने बेटे रंजीत से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कुछ ग्रामीणों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर खदेरू ने खुद के शरीर पर केरोसिन छिड़क कर आग लगा ली थी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया था। बुधवार को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में उपचार के दौरान खदेरू की मौत हो गई। थानाध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव ने कहा कि जांच करेंगे।