‘सेना में बनाई जाए अहीर रेजीमेंट’
क्रासर
मझवारा गांव में यादव महासम्मेलन का आयोजन
फोटो संख्या-42
अमर उजाला ब्यूरो
धनपतगंज (सुल्तानपुर)। अहीर समाज आजादी की लड़ाई से लेकर सामाजिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान देने के बाद भी आज तक उपेक्षित रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों ने यादव समाज को कई दलों में बांटकर सत्ता हथियाने के बाद उन्हें हासिए पर रखकर उनकी ताकत को कमजोर कर दिया। ये बातें अखिल भारतीय यदुवंशी महासभा की ओर से क्षेत्र के मझवारा गांव में आयोजित यादव महासम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजेंद्र यादव ने बतौर मुख्य अतिथि कहीं।
रविवार को मझवारा गांव में आयोजित यादव महासम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अहीर समाज ने हमेशा आसुरी ताकतों का मुकाबला किया है। उन्होंने सरकार से सेना में अलग से अहीर रेजीमेंट बनाने की बात कही। अखिल भारतीय यदुवंशी महासभा की महिला प्रदेश अध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य कमला यादव ने कहा कि अहीर समाज भगवान श्रीकृष्ण के वंशज हैं। यह समाज अन्याय व अत्याचार के विरुद्ध हमेशा लड़ाई लड़ता रहा है। सम्मेलन को विशिष्ट अतिथि बिहार के आरजेडी के विधायक दद्दन यादव उर्फ पहलवान, प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार सिंह, पूर्व मंत्री रामरतन यादव, बीएसएफ से बर्खास्त सिपाही तेजबहादुर यादव, जिला पंचायत सदस्य रामशंकर यादव व बृजेश यादव ने भी संबोधित किया। इस मौके पर बृजेंद्र यादव, जय प्रताप यादव, विजय यादव, डब्लू मिश्रा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। अंत में कार्यक्रम के आयोजक प्रवीण यादव ने अतिथियों का आभार जताया।
इनसेट
चर्चा का विषय रही बर्खास्त सिपाही की उपस्थिति
धनपतगंज। अखिल भारतीय यदुवंशी महासभा में बीएसएफ से बर्खास्त सिपाही तेजबहादुर यादव की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। वक्ताओं ने अपने संबोधन में अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने वाले इस सिपाही की सराहना की। गौरतलब है कि 19 अप्रैल 2017 को बीएसफ जवान तेजबहादुर ने सैनिकों को खराब भोजन दिए जाने का आरोप लगाया था। बाद में उस पर कार्रवाई हुई थी।