बल्दीराय। मुख्यमंत्री ग्रामीण जनता सेवा की बस अचानक गायब होने और उसमें से 170 लीटर डीजल चोरी होने के मामला सामने आया है। संविदा चालक उमेश कुमार तिवारी ने अपने ही साथी चालक पर डीजल चोरी के लिए बस ले जाने का आरोप लगाया है।
उमेश के मुताबिक अयोध्या डिपो की जनता सेवा बस अयोध्या से जगदीशपुर के बीच चलती है। 12 अक्तूबर की शाम सात बजे उन्होंने बस अपने गांव गौहनिया के पास खड़ी की थी। सुबह बस गायब मिली। खोजबीन के बाद बस तिरहुंत मोड़ के पास लावारिस हालत में मिली। टंकी से 170 लीटर डीजल चोरी था। हलियापुर थाने में सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर एसपी से शिकायत की।
अयोध्या रोडवेज स्टेशन इंचार्ज वीके मिश्र ने बताया कि चालक ने बस मिलने के बाद कार्रवाई नहीं चाहने की लिखित बात दी है। फिलहाल 170 लीटर गायब डीजल की जांच चल रही है।