कुड़वार में आयोजित शिविर में फार्मर रजिस्ट्री कराते किसान। संवाद
सुल्तानपुर। जिले में प्रशासन की ओर से फार्मर रजिस्ट्री के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर 30 अप्रैल तक विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। जिससे सभी किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा सके। इसके बावजूद अब भी 1,62,524 किसान ऐसे हैं, जिनकी रजिस्ट्री नहीं हो सकी है। अधिकारियों के अनुसार समय सीमा के बाद रजिस्ट्री नहीं कराने वाले किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, गेहूं खरीद जैसी अन्य योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं।
कृषि विभाग के अनुसार जिले में कुल 4,74,615 किसान हैं, जिनमें से अब तक 3,12,091 किसानों की फार्मर आईडी बन चुकी है। जिला कृषि अधिकारी सदानंद चौधरी ने बताया कि कि हर किसान की यूनिक प्रोफाइल तैयार की जाती है। फार्मर रजिस्ट्री किसानों की डिजिटल पहचान के रूप में काम करती है। फार्मर आईडी ऑनलाइन पोर्टल या सीएससी सेंटर के माध्यम से बनाई जाती है। इसके लिए आधार, जमीन के दस्तावेज और मोबाइल नंबर का आधार से लिंक होना अनिवार्य है।
30 अप्रैल तक छूटे किसान बनवाएं फार्मर आईडी
किसान अपने साथ आधार, भूमि अभिलेख, खतौनी और आधार लिंक मोबाइल नंबर लेकर जाएं, जिससे मौके पर ही फार्मर आईडी बनाई जा सके। शासन की तरफ से इस बार फार्मर आईडी के लिए 30 अप्रैल तक अंतिम अवसर दिया गया है। - रामाश्रय यादव, उप कृषि निदेशक।