चांदा (सुल्तानपुर)। इलेक्ट्रिक सामान के थोक विक्रेता से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बुधवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया।
चांदा कोतवाली क्षेत्र के कस्बा निवासी व्यवसायी विक्रेता जय बहादुर सिंह के व्यवसायी बेटे आशुतोष सिंह के मोबाइल नंबर पर बीते आठ जुलाई की शाम एक मैसेज आया था। जिसमें 10 लाख रुपये रंगदारी देने की मांग की गई थी।
ऐसा न करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी और परिवार को बर्बाद कर देने की बात कही गई थी। इसके साथ इस मैसेज में घटनाक्रम को किसी से न बताने की भी चेतावनी दी गई थी।
पुलिस ने जय बहादुर सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था। कोतवाल संजय सिंह ने मामले के खुलासे के लिए एसआई विकास गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित की थी।
एसआई ने बुधवार को रंगदारी मांगने वाले विशाल कुमार पुत्र फिरतू निवासी अनंतपुर चौबेपुर कोतवाली लंभुआ जिला सुल्तानपुर को गिरफ्तार कर लिया।