धनपतगंज (सुल्तानपुर)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत विकास खंड परिसर में हुए सामूहिक विवाह में मंगलवार को 157 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थाम जीवन के नए सफर की शुरुआत की। इस दौरान 152 हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रोचार के बीच सात फेरे लिए, दो मुस्लिम जोड़ों ने निकाह कुबूल किया।
सुल्तानपुर विधायक विनोद सिंह के पुत्र पुलकित सिंह और ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि त्रिनेत्र पांडेय ने नवविवाहित जोड़ों को विवाह का प्रमाण पत्र दिया। जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित कुमार सिंह, बीडीओ ज्ञानेंद्र मिश्र, एडीओ समाज कल्याण विपिन कुमार सहित वर-वधू पक्ष के लोग मौजूद रहे।
घायल अवस्था में पहुंचा दूल्हा
पारा निवासी मनोज कुमार 10 दिन पहले दुर्घटना में घायल हो गए थे। उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था। परिजन उन्हें कंधे पर उठाकर आयोजन स्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने सात फेरे लिए।
परीक्षा से पहले शादी
जयसिंहपुर से आईं ऋतु की इंटरमीडिएट की परीक्षा चल रही है। मंगलवार को भी द्वितीय पाली में उनकी परीक्षा थी। परीक्षा से पहले वे आयोजन स्थल पर पहुंचीं और विवाह की रस्में पूरी कीं।