सुल्तानपुर । लुधियाना से बलिया को जाने वाली नॉन स्टॉप श्रमिक स्पेशल ट्रेन को सोमवार की सुबह गभड़िया आउटर से गुजरते समय प्रवासियों ने चेन पुलिंग कर रोक दिया। इसके बाद करीब 1,564 प्रवासी ट्रेन से उतर कर गभड़िया क्रॉसिंग के रास्ते से शहर में घुसने लगे। मामले की जानकारी होने के बाद आरपीएफ व कोतवाली पुलिस ने प्रवासियों को रोका और उनको रेलवे स्टेशन पर पहुंचाया। रेलवे स्टेशन पर प्रवासियों की स्क्रीनिंग करने के बाद उन्हें बसों से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
लुधियाना से प्रवासियों को लेकर नॉन स्टाप श्रमिक स्पेशल ट्रेन बलिया की ओर जा रही थी। सोमवार की सुबह करीब आठ स्थानीय रेलवे स्टेशन पार करने के बाद ट्रेन गभड़िया आउटर के पास पहुंची ही थी कि अचानक उस पर सवार प्रवासियों ने चेन पुलिंग कर दी। चेन पुलिंग करने के बाद ड्राइवर को ट्रेन रोकना पड़ा। ट्रेन के रुकते ही बड़ी संख्या में प्रवासी ट्रेन से उतर कर गभड़िया क्रॉसिंग के रास्ते शहर में दाखिल होने लगे। प्रवासियों में पुरुषों के साथ महिलाएं व बच्चे भी शामिल रहे। इसकी जानकारी मिलते ही आरपीएफ व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।
ट्रेन से उतरे करीब 1,564 प्रवासियों को स्थानीय रेलवे स्टेशन पर ले जाया गया। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरे सभी यात्रियों की गणना जिला प्रशासन की ओर से कराई गई। गणना में स्थानीय जनपद के 1,263 व आसपास जनपदों के 301 प्रवासी शामिल रहे। प्रवासी यात्रियों की डिटेल नोट करने के बाद उनकी थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई। इसके बाद उन्हें बसों के माध्यम से गंतव्य के लिए रवाना कराया गया। जीआरपी कार्यवाहक थानाध्यक्ष रिजवान अहमद ने बताया कि स्थानीय थाने पर कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।
की गई विधिक कार्रवाई : आरपीएफ
आरपीएफ थानाध्यक्ष प्रेम सिंह खटाना ने बताया कि लुधियाना से बलिया को जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन की चेन पुलिंग के मामले में विधिक कार्रवाई की गई है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को सूचना भेजी गई है।
पांच ट्रेनों से उतरे 956 प्रवासी
सुल्तानपुर। प्रवासी कामगारों को लेकर विभिन्न राज्यों से चलने वाली पांच नॉन स्टाप श्रमिक स्पेशल ट्रेनों को मंगलवार की भोर से दोपहर 12 बजे के बीच स्थानीय स्टेशन से रवाना किया गया। मुंबई, सूरत, चंडीगढ़ व निजामुद्दीन समेत अन्य रेलवे स्टेशनों से चलने वाली ट्रेनों से कुल 956 प्रवासी उतरे। इसमें 378 जिले के व 578 गैर जनपद के प्रवासी शामिल रहे। सभी प्रवासियों की थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद उन्हें बसों के माध्यम से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
सांसद ने की खानपान की व्यवस्था
सुलतानपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका संजय गांधी की तरफ से उनके प्रतिनिधि रणजीत कुमार के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरे प्रवासियों के लिए भोजन की व्यवस्था कराई गई। इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष करुणा शंकर द्विवेदी, डॉ. केसी त्रिपाठी, इंद्रदेव मिश्रा, अरुण द्विवेदी, दिलीप मिश्रा, ब्रजेश वर्मा, भाजपा नेता व समाजसेवी बॉबी सिंह, मनोज श्रीवास्तव, रईस खान, श्याम बहादुर पांडेय, बबिता अखिलेश तिवारी, शिवमूर्ति पांडेय, पवन निषाद शामिल रहे।
आंबेडकर कल्याण समिति ने कराया भोजन
सुल्तानपुर। आंबेडकर कल्याण समिति की ओर से रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को ट्रेनों से उतरने वाले प्रवासियों के लिए भोजन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर सुरेश बौद्ध, रामखेलावन, डॉ. जय भीम बौद्ध, डॉ. राजेश गौतम, डॉ. रामआसरे, सुरेश कुमार, सुमेर सिंह भारती, नंदलाल गौतम, राजकरण, रमेश चंद्रा, ओम प्रकाश गौतम, राकेश रंजन मौजूद रहे।