समस्याओं के निस्तारण में न हो लापरवाही
सुल्तानपुर। मुख्यमंत्री की समीक्षा के बाद फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण के लिए डीएम ने सख्त रुख अख्तियार किया है। सोमवार को डीएम के जनता दर्शन में ऑनलाइन व ऑफलाइन आए 114 प्रार्थना पत्रों को जिलाधिकारी ने निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया है।
कलेक्ट्रेट में सोमवार की सुबह जिलाधिकारी सी इंदुमती ने जनता दर्शन में फरियादियों की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान लोगों ने डीएम से मिलकर उनसे अपनी समस्याएं बताईं।
इस बीच ऑफलाइन 22 प्रार्थना पत्र आए। जनता दर्शन में ऑनलाइन 92 शिकायती पत्र आए। जिलाधिकारी ने शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों के पास निस्तारण के लिए भेजा है।
भूमि विवाद से संबंधित प्रकरणों को डीएम ने एसडीएम व तहसीलदार को मौके पर जाकर निस्तारित करने का निर्देश दिया है। साथ ही जरूरत पड़ने पर पुलिस का सहयोग लेने को भी कहा है।
उन्होंने छोटे विवादों को सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित करने का निर्देश देते हुए दोनों पक्षों को संतुष्ट करने का फरमान दिया है। डीएम ने शिकायत कर्ताओं को जल्द समस्याएं निस्तारित कराने का भरोसा दिलाया है।
सुनवाई के दौरान एडीएमई हर्षदेव पांडेय, एडीएम वित्त उमाकांत त्रिपाठी व एएसडीएम विधेश मौजूद रहे। जिलाधिकारी सी इंदुमती की अध्यक्षता में मंगलवार को जयसिंहपुर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित होगा।