युवक पर जंगली सुअर ने किया हमला
सुल्तानपुर। गुदरा घाट के पास नदी में स्नान करने पहुंचे एक युवक पर जंगली सुअर ने हमला कर दिया। सुअर के हमले के बाद जान बचाने के लिए युवक नदी में छलांग लगा दी। तब जाकर उसकी जान बची।
चांदा कोतवाली क्षेत्र के छतौना कलां निवासी हीरालाल निषाद (22) पुत्र राम दयाल शनिवार की दोपहर बाद करीब तीन बजे नदी में स्नान करने के लिए क्षेत्र के गुदरा घाट पर पहुंचा था।
हीरालाल अपना कपड़ा निकालकर स्नान की तैयारी कर रहा था। तभी वहां पर एक जंगली सुअर पहुंच गया। जंगली सुअर ने हीरालाल पर हमला कर दिया।
सुअर के हमले के दौरान खुद की जान बचाने के लिए हीरालाल ने नदी में छलांग लगा दी। नदी में कूदने के बाद जंगली सुअर वहां से चला गया।
सुअर के जाने के बाद किसी तरह से हीरालाल नदी से निकला और स्थानीय लोगों को आपबीती सुनाई। लोगों ने उसे घायल हालत में घर पहुंचाया।