लेखपालों और फरियादियों में बवाल
अमेठी। तहसील क्षेत्र के गांव बहादुरपुर मजरे ढेमा निवासी एक पीड़िता पिछले छह माह से जाति प्रमाण पत्र जारी कराए जाने को लेकर भटक रही है। आरोप है कि लेखपाल जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने के लिए रिश्वत मांग रहा है।
इसी को लेकर शुक्रवार को पीड़िता अपने भाई व बहन के साथ तहसील पहुंची थी। इस बीच लेखपालों और उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस के आने के बाद मामला शांत हुआ।
तहसील क्षेत्र के गांव बहादुरपुर मजरे ढेमा निवासी परवीन जेबा पुत्री अकील अहमद ने जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने के लिए जनवरी 2019 में ऑनलाइन आवेदन किया था लेकिन प्रमाण पत्र जारी नहीं हुआ।
आरोप है कि हलका लेखपाल ने उससे रिश्वत की मांग की थी। शुक्रवार को पीड़िता परवीन अपनी शिक्षिका बहन नजमी बीबी और भाई अतीक अहमद के साथ तहसील पहुंची।
वह तहसील सभागार में लेखपालों के साथ बैठक कर रहीं तहसीलदार पल्लवी सिंह से मिली और उनसे वाकया बताया। इसी पर हलका लेखपाल और उनके साथियों व परवीन, अतीक और नजमा बीबी के बीच बहस शुरू हो गई।
बवाल बढ़ता देख अधिवक्ता व अन्य फरियादी भी पहुंच गए। आरोप है कि लेखपालों ने धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की। बवाल बढ़ता देख सूचना पर पुलिस तहसील परिसर पहुंची।
उसके बाद मामला शांत हुआ। पीड़िता की बहन नजमा बीबी ने मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी राम शंकर से की है। उपजिलाधिकारी रामशंकर ने बताया कि पीड़िता ने शिकायती पत्र दिया है। मामले की जांच तहसीलदार को सौंपी गई है।